सीतापुर(संवाददाता): छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम जिले भर के घाटों पर आस्था और भक्ति का माहौल नजर आया। शाम करीब पांच बजे व्रती महिलाओं ने वेदियां सजाकर दीप प्रज्वलित किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सूर्य के अस्ताचल की ओर बढ़ते ही महिलाओं ने पानी में खड़े होकर पारंपरिक तरीके से सूप में फल, ठेकुआ, नारियल व अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान घाटों पर छठी मैया के गीत गूंजते रहे और परिवार के सदस्यों ने भी पूजन में सहयोग किया।व्रती महिला सविता,कल्पना सुनीता और सपना सिंह ने बताया कि छठी मैया के सामने सच्चे मन से हाथ जोड़कर खड़े होने पर जीवन में सबकुछ प्राप्त होता है। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चार दिवसीय महापर्व के चौथे व अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर पर्व का समापन होगा।

0 टिप्पणियाँ