मानपुर,सीतापुर(संवाददाता):पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद दस हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मानपुर पुलिस शनिवार रात संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बन्नी खरैला गांव की पुलिया के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख नकारा गांव निवासी शातिर अपराधी पप्पू ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से खुद को बचाते हुए घेराबंदी कर आरोपित को मौके पर दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पप्पू थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर विभिन्न धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वह चोरी व नकबजनी के तीन मामलों में वांछित चल रहा था।

0 टिप्पणियाँ