मुठभेड़ में दस-दस हजार के दो इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सकरन,सीतापुर(संवाददाता):पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद दस-दस हजार रुपये के दो इनामी अंतर्जनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें जवान बाल-बाल बच गए।

एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी उत्तरी आलोक सिंह व सीओ बिसवां हर्षित चौहान के नेतृत्व में सकरन पुलिस ने क्योटाना मोड़ के पास घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख ग्राम जालिमपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर हारून और संदीप ने रपटा पुल के पिलर की आड़ लेकर तमंचे से गोली चला दी। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया।

तलाशी में 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, चोरी के पांच हजार रुपये और कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने गजनीपुर व रसूलपुर हरदोपट्टी में हुई चोरी की तीन वारदातें स्वीकारी हैं। हारून पर विभिन्न जिलों में तीन दर्जन तथा संदीप पर डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ