अटरिया,सीतापुर(संवाददाता): लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे ग्राम सहजनपुर के निकट एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान गोविंद (22), नीलू (25) और आकाश (18) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल सुशील व विकास को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली भिजवाया। सूचना पर पहुंची अटरिया पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर यूपी 91 टी 9407 को कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार डंपर चालक की तलाश जारी है। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ