बीएसए ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, बदहाल शौचालय पर प्रधानाध्यापिका को नोटिस

 सीतापुर(संवाददाता): जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों व शैक्षणिक गुणवत्ता की हकीकत परखी।

बीएसए ने सर्वप्रथम विकास क्षेत्र परसेंडी स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, आवासी खजुरिया का जायजा लिया। कार्यदायी संस्था ने जनवरी तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लेने का आश्वासन दिया।

इसके बाद बीएसए खैराबाद विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय टेडवा चिलौला पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा आठ के छात्रों से गणित के भिन्न से जुड़े सवाल पूछे। सही उत्तर देने वाले दो छात्रों को उन्होंने पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यालय में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान बालक व बालिका शौचालयों की स्थिति बदहाल मिलने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधानाध्यापिका को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 10 दिनों के भीतर कंपोजिट ग्रांट मद से शौचालय व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ