आठ स्कूली वाहनों पर भी हुई कार्रवाई, 30 नवंबर तक जारी रहेगा विशेष चेकिंग अभियान
सीतापुर(संवाददाता):सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने कमर कस ली है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दूसरे दिन मंगलवार को जिले भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर दौड़ने वाले और अनफिट कुल 52 वाहनों के चालान काटे गए।
अभियान के तहत प्रवर्तन टीम ने मुख्य मार्गों पर ओवरस्पीड और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वालों की सघन जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 44 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, नौनिहालों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों को भी परखा गया। खामियां मिलने पर आठ स्कूली वाहनों के भी चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क हादसों का प्रमुख कारण है। स्कूली वाहनों में सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चालकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की कि नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की रक्षा के लिए करें। यह अभियान 30 नवंबर तक निरंतर जारी रहेगा।


0 टिप्पणियाँ