सीतापुर(संवाददाता): सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों में पत्रावलियों के रख-रखाव, साफ-सफाई और लंबित प्रकरणों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न की जाए।
नजारत से भूलेख अनुभाग तक जांचे रजिस्टर.निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के नजारत, स्थापना, संग्रह, भूलेख, सीलिंग, अभिलेखागार न्याय, स्थानीय निकाय और राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटलों का एक-एक कर जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अनुभागों में रखे अभिलेखों, पत्रावलियों और रजिस्टरों का गहनता से अवलोकन कर उनके अद्यतन होने की स्थिति जांची। डीएम ने निर्देशित किया कि सभी विभागीय दस्तावेजों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए और फाइलों का रख-रखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित ढंग से हो। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
फरियादियों को मिले गुणवत्तापूर्ण सेवा.लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। कार्यालय आने वाले फरियादियों और नागरिकों को शासन की मंशा के अनुरूप समय से और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निर्वाचन व ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय की भी देखी व्यवस्था.इसके उपरांत डीएम ने संयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों और अभिलेखागार का निरीक्षण कर वहां संरक्षित पुरानी फाइलों व दस्तावेजों के रख-रखाव की स्थिति देखी। उन्होंने जिला निर्वाचन कार्यालय तथा ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय पहुंचकर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और संचालित कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने सभी कार्यालयों में कार्यप्रणाली को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ