पत्रकार एसोसिएशन ने स्थायी भवन, सभागार व ग्रामीण पत्रकारों को प्रतिनिधित्व देने की उठाई आवाज
सीतापुर(संवाददाता) : तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में पत्रकारों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रेस क्लब की स्थापना की मांग उठी है। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार एसोसिएशन के संस्थाध्यक्ष शशिकान्त शुक्ला ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर इस दिशा में ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नैमिषारण्य में वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालुओं, संतों व विशिष्टजनों का आगमन होता है। स्थानीय पत्रकार धार्मिक आयोजनों व जनसमस्याओं को प्रमुखता से शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं, लेकिन उनके पास बैठकों, प्रेस वार्ता व समाचार संकलन के लिए स्थायी ठिकाना नहीं है।
एसोसिएशन ने प्रेस क्लब के लिए भूमि-भवन, सभागार, पारदर्शी संचालन समिति, ग्रामीण पत्रकारों को सदस्यता में उचित प्रतिनिधित्व देने तथा इसे पर्यटन विकास कार्ययोजना में शामिल करने की मांग की है। प्रतिलिपि डीएम, सूचना निदेशक व पर्यटन महानिदेशक को भी भेजी गई है।


0 टिप्पणियाँ