फ्लोर मिल में इलेक्ट्रीशियन की मौत, परिजनों ने की जांच की मांग

सीतापुर(संवाददाता): रामकोट थाना क्षेत्र के नवीन चौक स्थित हरकचंद फ्लोर मिल में रविवार रात करीब नौ बजे एक इलेक्ट्रीशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कोतवाली नगर के कृष्णानगर निवासी 40 वर्षीय कौशल शुक्ल के रूप में हुई है।

मृतक के भाई रमेश शुक्ल के अनुसार, मिल कर्मचारियों ने उन्हें कौशल के घायल होने की सूचना दी थी। लोगों ने बताया गया कि लाइट ठीक करते समय बिजली चालू होने से करंट लगने के कारण वह गिर पड़े। परिजनों ने मिल प्रबंधन पर एंबुलेंस की व्यवस्था न करने और घटना की स्पष्ट जानकारी न देने का आरोप लगाया है। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ